लखनऊ,24 नवंबर 2024: यूपी के सम्भल में शहर की शाही जामा मस्जिद में हरिहर मंदिर होने का दावा पेश किए जाने के बाद दूसरे चरण का सर्वे आज (रविवार) सुबह ही शुरू किया गया था। जैसे ही लोगों को पता लगा मस्जिद की ओर भीड़ पहुंचने लगी सुबह करीब 9:00 बजे भीड़ को हटाने का प्रयास किया गया तो पहले धक्का मुक्की हुई और बाद में भीड़ ने पथराव कर दिया।
बताया जाता है की भीड़ की ओर से भी फायरिंग की गई है। पुलिस ने हवाई फायरिंग कर आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को भगाने का प्रयास किया। स्थिति तनाव पूर्ण बनी हुई है।
पुलिस पर पथराव
मस्जिद के सर्वे से बौखलाई भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने भी भीड़ पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे हैं। नाराज भीड़ ने पथराव किया और आगजनी की घटन भी सामने आई है। पथराव की घटना तब हुई जब एक सर्वेक्षण टीम मस्जिद का सर्वेक्षण करने के लिए शाही जामा मस्जिद पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों से सर्वेक्षण टीम के पहुंचने पर पथराव न करने की अपील की है। पथराव के बाद पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार उस स्थान पर पहुंचे, जहां एक सर्वे टीम मस्जिद का सर्वेक्षण करने के लिए शाही जामा मस्जिद पहुंची थी। वहीं पर पथराव की घटना हुई है। पथराव के साथ-साथ वाहनों को भी आग लगाई गई है। इलाके में हालात तनावपूर्ण हैं।
बढ़ाई गई सुरक्षा
मस्जिद के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस वाद को दायर करने में वादीगण में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता हरिशंकर जैन, पर्थ यादव, महंत ऋषिराज गिरि, राकेश कुमार, जीतपाल सिंह यादव, मदनपाल, वेदपाल और दीनानाथ शामिल हैं। हरिशंकर जैन के बेटे विष्णु शंकर जैन इस मामले में अधिवक्ता के तौर शामिल हैं।
आपत्तिजनक पोस्ट पर होगी कार्रवाई
पुलिस की एक टीम सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर निगरानी कर रही है। भड़काऊ या विवादित पोस्ट करने पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि इस तरह की पोस्ट से अशांति फैल सकती है। इसलिए टीम को निगरानी पर लगाया हुआ है। एक मामला प्रकाश में आया था तो कार्रवाई की गई थी। इसी तरह लोगों को पाबंद भी करने की कार्रवाई जारी है।