लखनऊ : 01 जुलाई, 2025 : उ0प्र0 सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के निदेशक विशाल सिंह ने मंगलवार को पं0 दीनदयाल सूचना परिसर के मीटिंग हॉल में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पोर्टल का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर सिंह ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जैसे टीवी चैनल, एफ.एम. रेडियो, सिनेमा आदि को विभाग से जारी किए जाने वाले विज्ञापनों की जानकारी एवं संबंधित रिलीज ऑर्डर (आर.ओ.) ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा।

निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था से अब विभिन्न मीडिया चैनलों को आर.ओ.प्राप्त करने के लिए सूचना विभाग के कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। चैनल अपने आर.ओ. को पोर्टल https://upidadv.up.gov.in पर जाकर सीधे ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।
इस नई पहल से न केवल प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी बल्कि समय की भी बचत होगी तथा विभागीय कार्यों में दक्षता और गति आएगी। इस मौके पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के वरिष्ठ वित्त एवं लेखा अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
