लखनऊः 25 जनवरी, 2026: उत्तर प्रदेश में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी लखनऊ में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर कार्यक्रम को संबोधित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत, राज्य स्वीप आइकन सुधा सिंह एवं अनुष्का चौबे, जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी मौजूद रहे। इस अवसर पर उपस्थित लगभग 500 अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को मतदाता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर निर्वाचन के बढ़ते कदम थीम पर जर्नी ऑफ इलेक्शन प्रर्दशिनी का शुभांरभ किया गया, जिसमें निर्वाचन के क्षेत्र में समय-समय पर हुये बदलाव को दर्शया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं युवा मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 75 बूथ लेवल अधिकारियों, 75 बीएलओ सुपरवाइजर, 18 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) तथा 06 जिला निर्वाचन अधिकारियों (जनपद एटा, बाराबंकी, औरैया, शामली, महोबा एवं फतेहपुर) को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 18 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले 15 युवा मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड प्रदान किए गए तथा 05 महिला मतदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” है। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी। नागरिकों में मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 25 जनवरी के दिन को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 2011 में प्रथम बार राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। इसके बाद से प्रत्येक वर्ष इसका आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने विशेष प्र्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में यह अभियान 22 वर्षों बाद व्यापक स्तर पर संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाताओं का सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया के परिणामस्वरूप 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में कुल 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अब भी ऐसे नागरिक, विशेषकर महिलाएं एवं 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाता, जो मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनकी भागीदारी सुनिश्चित कराना आवश्यक है। इसी क्रम में 11 एवं 18 जनवरी को विशेष अभियान चलाए गए, जिनके माध्यम से 7 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। आगामी 31 जनवरी को पुनः विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। सभी नागरिकों से अपील की है कि इस तिथि को अपने बूथ पर जाकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे। यदि कोई मतदाता जिसका नाम पूर्व में मतदाता सूची में अंकित था किंतु किसी कारणवश वर्तमान में आलेख्य मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो सका है तो ऐसे मतदाता फार्म-06 तथा घोषणा पत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते है।
उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण में बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक के माध्यम से अब बीएलओ के कार्यों की प्रभावी निगरानी भी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे उत्तर प्रदेश सीईओ की वेबसाइट अथवा ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें या विशेष अभियान के दौरान संबंधित बूथ पर जाकर जानकारी प्राप्त करें। साथ ही राजनीतिक दलों एवं उनके अभिकर्ताओं से भी आग्रह किया गया कि वे समस्त पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में अपने बूथ लेवल अधिकारियों का सहयोग करें।
उन्होंने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा voters.eci.gov.in पोर्टल, सीईओ उत्तर प्रदेश वेबसाइट, ईसीआई नेट ऐप, 1950 हेल्पलाइन तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से मतदाताओं तक सूचनाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके साथ ही पारदर्शिता और सुगमता के लिए “अपने बूथ लेवल ऑफिसर से संपर्क करें” विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं नागरिकों से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं उनकी टीमों को प्रोत्साहन स्वरूप विदेशी अध्ययन भ्रमण पर भेजे जाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
