लखनऊ, 7 जून 2026।: लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विगत दिनों से हो रही विद्युत कटौती, अनियोजित शटडाउन तथा विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के कारण आमजन को हो रही असुविधाओं के समाधान हेतु आज इंदिरा नगर सी-ब्लॉक स्थित विधायक कार्यालय पर विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से प्राप्त शिकायतों एवं जनसमस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अनावश्यक विद्युत कटौती पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रस्तावित शटडाउन की सूचना उपभोक्ताओं को समय रहते उपलब्ध कराई जाए, जिससे नागरिकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि वर्तमान ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित, प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा जर्जर विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य तकनीकी समस्याओं के निस्तारण में तेजी लाई जाए।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कहीं भी विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा विभागीय अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे सुधार एवं रखरखाव कार्यों की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि जनता की सुविधा, सुरक्षा एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने के लिए विद्युत विभाग के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही जारी रखी जाएगी।
