लखनऊ, 17 अक्टूबर, 2026: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज शारदीय नवरात्रि के षष्ठम दिवस पर जन भवन में आयोजित गरबा महोत्सव में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर विधिवत आरती की। इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। मां दुर्गा की आराधना के साथ आयोजित गरबा महोत्सव में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक नृत्य के माध्यम से अपनी आस्था और उल्लास की अभिव्यक्ति की। भक्ति, पारंपरिक संगीत और रंग-बिरंगी वेशभूषा से सुसज्जित वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जन भवन में आयोजित गरबा महोत्सव के प्रति लोगों का उत्साह निरंतर बना हुआ है। दिनांक 15 अक्टूबर, 2026 को आयोजित गरबा कार्यक्रम में 1113 श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इसके साथ ही, महोत्सव के प्रथम दिवस से अब तक कुल 4,685 श्रद्धालु इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में सम्मिलित हो चुके हैं। श्रद्धालुओं की सहभागिता भारतीय लोक परंपराओं, धार्मिक आस्था और सामूहिक सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति जनसामान्य के जुड़ाव को दर्शाती है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भारत सरकार अनुप्रिया पटेल, वित्त मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार सुरेश खन्ना, उच्च शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश योगेंद्र उपाध्याय, उद्योग मंत्री उत्तर प्रदेश नंद गोपाल गुप्ता, उद्यान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, रीता मित्र, निदेशक एसजीपीजीआई लखनऊ डॉ. आर.के. धीमन एवं प्रो.जे.पी. पांडे कुलपति एकेटीयू सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे और गरबा नृत्य के माध्यम से नवरात्रि के उत्सव में सम्मिलित हुए।

जन भवन में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित नौ दिवसीय गरबा महोत्सव में प्रतिदिन मां दुर्गा की आराधना, पारंपरिक गरबा नृत्य और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से नवरात्रि की परंपराओं को जीवंत स्वरूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। राज्यपाल की प्रेरणा से आयोजित यह आयोजन भारतीय संस्कृति की समृद्ध लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
