लखनऊ, 22 जुलाई 2026: राजधानी लखनऊ के प्रमुख सरकारी कार्यालयों में शामिल जवाहर भवन में सोमवार सुबह आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही महापौर सुषमा खर्कवाल तत्काल मौके पर पहुंचीं तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
माननीय महापौर ने पुलिस, अग्निशमन विभाग, नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए समय रहते आग पर काबू पाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सबसे सुखद बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन में कार्यरत सभी कर्मचारियों एवं आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने सरकारी भवनों में स्थापित अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच एवं आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन इस दिशा में पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।
