लखनऊ, 27 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश में ग्रामीण विकास, सुशासन और पंचायत व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार कल एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। पंचायती राज विभाग द्वारा नवचयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को सोमवार, 28 सितंबर 2026 को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे, जो अपने कर-कमलों से इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की भी विशिष्ट उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम का आयोजन सोमवार सुबह 10:30 बजे से लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल (विभूति खंड) में किया जाएगा। विभागीय कार्यक्रम रूपरेखा के अनुसार, इसमें कुल 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी द्वारा मंच पर 11 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर समारोह को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों द्वारा अपनी चयन प्रक्रिया व नियुक्ति से संबंधित अनुभव साझा किए जाएंगे। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों की इस नियुक्ति से ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कार्यों के संचालन, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण नागरिकों को पंचायत स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी। ग्राम पंचायत अधिकारी पंचायत प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनकी भूमिका ग्रामीण विकास एवं पंचायत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने में अहम है।
समारोह के दौरान नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों के लिए आयोजित होने वाले एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम (Orientation & Training Program) के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। पंचायती राज विभाग का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को अधिक सक्षम, पारदर्शी एवं जनसुविधा केंद्रित बनाते हुए प्रदेश में ग्रामीण विकास की प्रक्रिया को गति प्रदान करना है।
