लखनऊ, 19 नवम्बर 2026: मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता एवं तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, राजीव कृष्णा के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पुलिस को आधुनिक, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित एवं डेटा आधारित पुलिस संगठन के रूप में विकसित करने के लिए तकनीकी आधुनिकीकरण एवं नवाचार पर विशेष बल देते हुए इसे अपनी 10 प्राथमिकताओं में सम्मिलित किया गया है।
इसी दिशा में आज उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा देश के तीन प्रतिष्ठित संस्थानों—भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), कानपुर; डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन (DIC), भारत सरकार; तथा Protean eGov Technologies Limited—के साथ तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए।
इन समझौतों का उद्देश्य पुलिस की तकनीकी क्षमताओं को सुदृढ़ करना, साइबर सुरक्षा एवं अनुसंधान को प्रोत्साहित करना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों का उपयोग बढ़ाना, विभिन्न पुलिस प्रणालियों के बीच सुरक्षित डेटा आदान-प्रदान सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को उपलब्ध डिजिटल सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है।

1. आईआईटी कानपुर के साथ समझौता—साइबर सुरक्षा, अनुसंधान एवं उन्नत प्रौद्योगिकी
आईआईटी कानपुर के साथ समझौते के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस साइबर सुरक्षा, साइबर फॉरेंसिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा नवीन तकनीकों के अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्रों में सहयोग करेगी। इसमें पुलिस की डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा का मूल्यांकन, साइबर खतरों की पहचान, उन्नत फॉरेंसिक तकनीकों तथा AI आधारित पुलिसिंग समाधानों का अनुसंधान एवं विकास शामिल होगा।
इसके अतिरिक्त अपराध अनुसंधान, डिजिटल साक्ष्य विश्लेषण, आधुनिक निगरानी एवं सुरक्षा तकनीकों तथा उन्नत कंप्यूटिंग क्षमताओं के उपयोग की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा। पुलिसकर्मियों के तकनीकी प्रशिक्षण, विशेषज्ञता विकास एवं संयुक्त शोध परियोजनाओं को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस अवसर पर आईआईटी कानपुर की ओर से प्रो. राजा अंगमुथु, एसोसिएट डीन (अनुसंधान एवं विकास), तथा डॉ. आनंद हांडा, चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर, C3iHub, की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
2. डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन के साथ समझौता—डिजिटल पुलिसिंग एवं नागरिक सेवाओं का सुदृढ़ीकरण
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन के साथ समझौते का उद्देश्य उत्तर प्रदेश पुलिस की डिजिटल सेवाओं, तकनीकी प्रणालियों एवं सूचना प्रौद्योगिकी अवसंरचना का आधुनिकीकरण करना है।
इसके अंतर्गत नागरिक सेवाओं के डिजिटलीकरण, पुलिस की आंतरिक प्रशासनिक एवं परिचालन कार्यप्रणालियों के आधुनिकीकरण, डिजिटल प्लेटफॉर्मों के विकास तथा विभिन्न सरकारी तकनीकी प्रणालियों के बीच समन्वय एवं एकीकरण पर सहयोग किया जाएगा।
इस पहल से नागरिकों को पुलिस सेवाओं तक अधिक सरल एवं सुविधाजनक पहुंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ पुलिस की कार्यकुशलता, पारदर्शिता एवं सेवा वितरण की गुणवत्ता में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पुलिस के विभिन्न कार्यक्षेत्रों में सूचना प्रौद्योगिकी, आधुनिक डिजिटल समाधान एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा।
डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन की ओर से श्री हरि सेवक शर्मा, वाइस प्रेसिडेंट (प्रशासन ), इस संस्थागत सहयोग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि हैं।
3. Protean eGov Technologies Limited के साथ समझौता—डेटा प्रबंधन, डिजिटल एकीकरण एवं तकनीकी अवसंरचना
Protean eGov Technologies Limited के साथ समझौते का प्रमुख उद्देश्य उत्तर प्रदेश पुलिस की विभिन्न डिजिटल प्रणालियों के बीच सुरक्षित, प्रभावी एवं व्यवस्थित डेटा आदान-प्रदान तथा तकनीकी एकीकरण को प्रोत्साहित करना है।
इसके अंतर्गत आधुनिक डेटा प्रबंधन, विभिन्न सूचना प्रणालियों के बीच परस्पर समन्वय, डिजिटल पहचान एवं प्रमाणीकरण, डेटा सुरक्षा तथा तकनीकी मानकीकरण जैसे क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा।
इस साझेदारी से पुलिस की विभिन्न तकनीकी प्रणालियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सूचना के अधिक प्रभावी उपयोग तथा डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुरक्षित, विश्वसनीय एवं विस्तार योग्य डिजिटल अवसंरचना विकसित करने की संभावनाओं पर भी सहयोग किया जाएगा।
Protean की ओर से श्री राकेश रमेश दोसी, चीफ बिजनेस एवं प्रोडक्ट ऑफिसर (CBPO), इस रणनीतिक सहयोग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से इन तीनों समझौता ज्ञापनों पर अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएँ, भगवान स्वरूप द्वारा हस्ताक्षर किए गए। इन तीनों MoUs के संपादन एवं निष्पादन की प्रक्रिया में पुलिस उपमहानिरीक्षक, तकनीकी सेवाएँ, आशीष तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आधुनिक एवं भविष्य के लिए तैयार पुलिस व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
इन तीनों समझौतों के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रयास है कि तकनीकी आधुनिकीकरण केवल नए सॉफ्टवेयर एवं उपकरणों तक सीमित न रहे, बल्कि पुलिस संगठन के भीतर अनुसंधान, नवाचार, साइबर सुरक्षा, डेटा प्रबंधन एवं तकनीकी विशेषज्ञता की स्थायी क्षमता विकसित हो।
इन पहलों का समन्वय उत्तर प्रदेश पुलिस के तकनीकी सेवाएं मुख्यालय द्वारा किया जाएगा। विभिन्न परियोजनाओं को आवश्यकता, व्यवहार्यता एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
यह पहल उत्तर प्रदेश पुलिस को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप अधिक सक्षम, सुरक्षित, पारदर्शी, नागरिक-केंद्रित एवं तकनीक-सशक्त पुलिस संगठन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
