लखनऊ,28 मई 2026: दिनांक 25-26 मई की रात्रि आए भीषण आंधी-तूफान के कारण प्रदेश के कई जनपदों में विद्युत अवसंरचना प्रभावित हुई। सीतापुर, उन्नाव, देवीपाटन, बदायूं, बरेली, बस्ती, कुशीनगर, वाराणसी एवं देवरिया सहित अनेक जिलों में तेज हवाओं और तूफान के चलते विद्युत लाइनों एवं टावरों को भारी क्षति पहुंची, जिससे कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित हुई।
विशेष रूप से इस भीषण आंधी के दौरान —
400 केवी बरेली-उन्नाव लाइन सर्किट-I एवं II,
220 केवी बदायूं-रोजा लाइन सर्किट-I एवं II,
220 केवी बरेली-दोहना लाइन,
220 केवी पारीछा-दुनारा (झांसी) लाइन,
220 केवी साहूपुरी-राजा का तालाब (वाराणसी),
बस्ती-खलीलाबाद 132 केवी नाथ नगर लाइन
सहित अनेक लाइनों के तार टूटने एवं टावर क्षतिग्रस्त होने से व्यापक विद्युत व्यवधान उत्पन्न हुआ। किन्तु ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के सतत निर्देशन एवं मॉनिटरिंग में विद्युत पारेषण एवं वितरण विभाग की टीमों ने तत्काल युद्धस्तर पर कार्य प्रारम्भ किया। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में पूरी रात लगातार फील्ड में रहकर कार्य किया और अधिकांश लाइनों को शीघ्र पुनर्स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी।
इतने बड़े प्राकृतिक व्यवधान के बावजूद विभाग द्वारा वैकल्पिक स्रोतों से विद्युत आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने का सफल प्रयास किया गया, जिससे आमजन को न्यूनतम असुविधा हो।आंधी-तूफान के कारण वितरण प्रणाली से जुड़े 33 केवी के कुल 139 सबस्टेशन प्रभावित हुए थे तथा लगभग 1500 विद्युत पोल टूटे अथवा क्षतिग्रस्त हुए थे। विभाग द्वारा लगातार कार्य करते हुए आज सुबह तक 133 सबस्टेशनों की विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है तथा शेष 6 सबस्टेशनों की आपूर्ति जल्दी ही प्रारम्भ कर दी गई।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में कुछ ही घंटों में तथा अन्य स्थानों पर 24 घंटे के भीतर विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई। इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा के बीच ऊर्जा विभाग की तत्परता, तकनीकी दक्षता एवं फील्ड कर्मियों की निरंतर मेहनत ने यह सिद्ध किया कि प्रदेश सरकार जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वयं पूरी स्थिति की लगातार समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति बहाली के कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने प्रदेशवासियों से संयम एवं सहयोग की अपील करते हुए कहा कि तथाकथित लोगों के भ्रामक खबर एवं दुष्प्रचार पर ध्यान न दें, सरकार एवं ऊर्जा विभाग हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा है और विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
