लखनऊ / देहरादून 21 नवंबर2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का आज हरिद्वार में अंतिम संस्कार होगा। सुबह 8 बजे उनके पैतृक गांव पंचूर से अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए निकली।
मां को कंधा देकर भावुक हुए योगी
अंतिम दर्शन के दौरान सीएम योगी रो पड़े। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाए और फिर अर्थी को कंधा दिया। इस दौरान वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

रातभर मां के पास बैठे रहे, अन्न-जल भी नहीं लिया
सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे घर पर अंतिम सांस ली। वे 91 साल की थीं। शाम को योगी उत्तराखंड पहुंचे और कुछ देर तक पार्थिव देह के पास खड़े होकर मां को एकटक निहारते रहे।

उन्होंने परिजनों और केयरटेकर से मां के अंतिम पलों की जानकारी ली। पूछा कि अंतिम वक्त मां के साथ-साथ कौन था? योगी रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडी घाट पर पूर्वाह्न में किया गया। उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव पंचूर पौड़ी-गढ़वाल से अंतिम संस्कार के लिए परिजन और सीएम योगी द्वारा चंडी घाट लाया गया। पारंपरिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड यूपी के अनेक मंत्री सीनियर बीजेपी नेता, बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती और कई संत हरिद्वार घाट पर मौजूद रहे।
इसके बाद योगी शाम को लखनऊ में पीएम मोदी के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
