लखनऊ, 11 नवंबर 2026: स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लखनऊ नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति आदरणीय द्रौपदी मुर्मू ने लखनऊ नगर निगम को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर , केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू , विभिन्न राज्यों के शहरी विकास मंत्रीगण, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) की अपर सचिव डी. थारा (IAS), संयुक्त सचिव सत्येंद्र सिंह (IAS) सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग पी. गुरुप्रसाद एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव भी उपस्थित रहे।
लगातार दूसरे वर्ष तीसरी रैंकिंग बरकरार रखने वाला देश का एकमात्र शहर बना लखनऊ
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ की एक विशेष उपलब्धि यह भी रही कि लखनऊ देश का एकमात्र ऐसा शहर रहा जिसने पिछले वर्ष प्राप्त अपनी तीसरी रैंकिंग को इस वर्ष भी बरकरार रखा। पिछले वर्ष पहले और दूसरे स्थान पर रहे शहर अपनी रैंकिंग को दोहरा नहीं सके। इस प्रकार लखनऊ ने लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी स्थिति बनाए रखी।
स्वच्छ सर्वेक्षण में लखनऊ नगर निगम की राष्ट्रीय रैंकिंग का सफर भी उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2017 में लखनऊ की रैंकिंग 269 थी, जो वर्ष 2018 में 115, वर्ष 2019 में 121, वर्ष 2020 में 12, वर्ष 2021 में 12, वर्ष 2022 में 17 तथा वर्ष 2023 में 44 रही। वर्ष 2024-25 में लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया था और वर्ष 2025-26 में भी इस स्थान को बरकरार रखा।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में इसी साल मिला था प्रथम स्थान, वार्ड 70 को भी राष्ट्रीय सम्मान
स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं वायु गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में भी लखनऊ ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की थीं। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ ने 198 अंकों के साथ 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
वहीं, नगर निगम के जोन-4 स्थित वार्ड संख्या 70 (पेपर मिल कॉलोनी) ने 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। ये उपलब्धियां शहर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती हैं।
20 लाख मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट खत्म कर कूड़े के पहाड़ का किया निस्तारण, 46 एकड़ भूमि कराई रिक्लेम
लखनऊ नगर निगम द्वारा पुराने जमा कचरे के निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। शहर में लगभग 20 लाख मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर कूड़े के पहाड़ को समाप्त किया गया है। इसके साथ ही लगभग 46 एकड़ भूमि को रिक्लेम कर पुनः उपयोग योग्य बनाया गया है। इस कार्य से पुराने कचरे की समस्या के समाधान के साथ भूमि के बेहतर उपयोग का रास्ता भी खुला है।
शहर में प्रतिदिन 2,000 मीट्रिक टन से अधिक ठोस अपशिष्ट उत्पन्न होता है। इतनी बड़ी मात्रा में निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित करना नगर निगम के सामने एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए आधुनिक कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों, पृथक्करण व्यवस्था और बेहतर परिवहन प्रणाली को विकसित किया गया है।
100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण और आधुनिक प्रसंस्करण व्यवस्था
नगर निगम द्वारा घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे के पृथक्करण, संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण को प्राथमिकता दी गई है। आधुनिक कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना के साथ लगभग 100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में कार्य किया गया है।
लखनऊ में विकेंद्रीकृत कचरा संग्रहण एवं केंद्रीकृत प्रसंस्करण मॉडल अपनाया गया है। इसके अंतर्गत स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, जैविक कचरे से खाद निर्माण, RDF (Refuse Derived Fuel) का उपयोग तथा निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (C&D Waste) का वैज्ञानिक प्रबंधन शामिल है।
निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के प्रसंस्करण के लिए सार्वजनिक-निजी सहभागिता (PPP) मॉडल का भी उपयोग किया गया है। इसके साथ ही सेवा प्रदाताओं का चयन स्वच्छ भारत मिशन के दिशा-निर्देशों एवं कार्य की गुणवत्ता के आधार पर किया गया।
इलेक्ट्रिक वाहनों और डिजिटल तकनीक से मजबूत हुई स्वच्छता व्यवस्था
शहर में वायु प्रदूषण को कम करने तथा कचरा परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पेट्रोलियम आधारित वाहनों के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया गया है।
वाहनों एवं सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए GPS ट्रैकिंग और डिजिटल डैशबोर्ड जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से कचरा संग्रहण एवं परिवहन की गतिविधियों की वास्तविक समय में निगरानी, कार्यों का मूल्यांकन और व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

जनभागीदारी और जागरूकता अभियान को दिया गया बढ़ावा
शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण माना गया है। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता अभियान, बैक लेन आउटरीच कार्यक्रम तथा विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया गया।
नगर निगम, निजी एजेंसियों, सामाजिक संगठनों, विक्रेताओं और नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित कर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया गया। इसका उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है।
कचरे से खाद एवं RDF के उपयोग की व्यवस्था
नगर निगम द्वारा जैविक कचरे से खाद तैयार की जा रही है, जिसका उपयोग किसानों एवं नगर निगम की विभिन्न गतिविधियों में किया जाता है। वहीं, RDF (Refuse Derived Fuel) को सीमेंट एवं पेपर उद्योगों में उपयोग के लिए भेजा जाता है। ये औद्योगिक इकाइयां लखनऊ से लगभग 400 से 500 किलोमीटर दूर स्थित हैं, जिसके कारण परिवहन एवं निस्तारण पर अधिक व्यय होता है।
इस चुनौती के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर कचरे के प्रसंस्करण एवं ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हॉर्टिकल्चर वेस्ट, बायो-CNG और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की दिशा में आगे बढ़ेगा लखनऊ
स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं टिकाऊ बनाने के लिए लखनऊ नगर निगम द्वारा आगामी समय में तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
– हॉर्टिकल्चर वेस्ट प्लांट: उद्यान एवं बागवानी से निकलने वाले कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण के लिए हॉर्टिकल्चर वेस्ट प्लांट स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इससे पेड़ों की छंटाई, पत्तियों एवं अन्य बागवानी अपशिष्ट का व्यवस्थित निस्तारण संभव होगा।
– CBG प्लांट: जैविक कचरे से बायो-CNG (Compressed Bio Gas) तैयार करने के लिए CBG प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। इसके माध्यम से जैविक कचरे का उपयोग ऊर्जा उत्पादन के लिए किया जा सकेगा।
– वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट: RDF, इनर्ट एवं गैर-पुनर्चक्रण योग्य कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण और ऊर्जा उत्पादन के लिए वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट विकसित किया जा रहा है। इससे कचरे के निस्तारण की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, परिवहन एवं निस्तारण लागत कम करने तथा ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
इन तीनों परियोजनाओं से कचरे को केवल निस्तारण की समस्या के रूप में देखने के स्थान पर उसे उपयोगी संसाधन में बदलने की दिशा में सहायता मिलेगी।
जीरो डंप साइट नीति और डिजिटल निगरानी पर विशेष जोर
नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जीरो डंप साइट नीति को प्रभावी बनाए रखने, डिजिटल निगरानी प्रणाली का विस्तार करने तथा स्वच्छता से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके साथ ही अन्य नगर निकायों के साथ अनुभव एवं सफल कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान कर बेहतर स्वच्छता मॉडल विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
अन्य नगर निकायों के लिए भी उपयोगी है लखनऊ का मॉडल
लखनऊ नगर निगम द्वारा अपनाया गया विकेंद्रीकृत कचरा संग्रहण, केंद्रीकृत प्रसंस्करण, इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग, डिजिटल निगरानी, जनभागीदारी और कचरे से संसाधन तैयार करने का मॉडल अन्य नगर निकायों के लिए भी उपयोगी हो सकता है।
नगर निगम का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर मजबूत करने के साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्राप्त राष्ट्रीय स्तर का तीसरा स्थान इसी दिशा में किए जा रहे सामूहिक प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान है।
