लखनऊ। 05 जून 2026: यूपी और महाराष्ट्र सरकारें मिल कर स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य कर रही हैं। हमारी प्राथमिकता आमजन को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह कहना है प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का।

वे शुक्रवार को महाराष्ट्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबितकर के साथ विधानसभा स्थित सभाकक्ष में द्विपक्षीय वार्ता एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य मंत्री आबितकर को यूपी की स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। बताया कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में आमूलचूल परिवर्तन आया है। हर जिले में सुविधाओं को अप टू डेट किया गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री आबितकर दो दिवसीय अधिकारिक अध्ययन भ्रमण पर उत्तर प्रदेश आए हैं। वे उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य देखभाल तंत्र में सर्वोत्तम प्रथाओं, नवाचारी स्वास्थ्य देखभाल मॉडलों और बुनियादी ढांचे के कार्यान्वयन का अध्ययन करेंगे।

डिप्टी सीएम ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य मंत्री आबितकर ने बलरामपुर अस्पताल के डायलिसिस सेंटर, सी०एस०एस०डी० (सेन्ट्रल स्टेराइल सप्लाई डिपार्टमेंट) व ई-रजिस्ट्रेशन सुविधाओं का भ्रमण किया। चिकित्सालय में प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। विधानसभा सभाकक्ष में आहूत बैठक में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र की सर्वोत्तम प्रथाओं तथा नवाचारी स्वास्थ्य देखभाल मॉडलों जैसे आयुष्मान आरोग्य मन्दिर, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना की उपलब्धियों, डिजिटल इनिसिएटिव, आयुषमान भारत डिजिटल मिशन, यूनिफाइड डिजीज सर्विलांस पोर्टल, हेल्थ ऑनलाइन पैरा मीटर इवालूशन टेलीमानस, ई-कवच इत्यादि पर एक विशेष प्रेजेंटेशन भी आयोजित किया गया था। बैठक के उपरान्त उन्होंने स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में अवस्थित होप प्रणाली का भी भ्रमण किया।
बैठक में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित कुमार घोष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित रहे।
